ना हो अहम में चूर...रखें अभिमान को खूद से दूर

एक हाथी अपनी मस्ती में चले जा रहा था एक मक्खी उसके ऊपर आकर बैठ गयी। हाथी को पता ही नहीं चला। मक्खी ने भिनभिना कर आवाज की, और कहा, ‘भाई! तुझे मेरे बैठने से कोई तकलीफ वजन मालूम पड़े तो बता देना, मैं हट जाऊंगी।’लेकिन हाथी को कुछ सुनाई न पड़ा।

हाथी एक बड़ी पहाड़ी नदी पर बने पुल पर से गुजरने लगा, मक्खी ने फिर कहा कि ‘देख, हम दो हैं, कहीं पुल टूट न जाए! अगर ऐसा कुछ डर लगे तो मुझे बता देना। मेरे पास पंख हैं, मैं उड़ जाऊंगी।’

हाथी के कान में थोड़ी-सी कुछ भिनभिनाहट पड़ी, पर उसने कुछ ध्यान न दिया वह चलता रहा। फिर मक्खी हाथी से विदा होकर जाने लगी उसने हाथी से कहा, "यात्रा बड़ी सुखद हुई, साथी-संगी रहे, मित्रता बनी, अब मैं जाती हूँ, कोई काम हो, तो मुझे कहना!" तब मक्खी की आवाज हाथी को सुनाई पड़ी, उसने कहा, ‘तू कौन है मुझे पता नहीं, कब तू आयी, कब तू मेरे शरीर पर बैठी, कब तू उड़ गयी।" लेकिन मक्खी तब तक जा चुकी थी।

वास्तव में देखा जाये तो हमारा जीवन का अस्तित्व भी ऐसा ही है। इतनी बड़ी पृथ्वी पर हमारे होने या ना होने से कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन हम अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए  शोर मचाते हैं। जैसे वह मक्खी चाहती थी कि हाथी उसके अस्तित्व को स्वीकार करे उसी प्रकार हम मनुष्य भी प्रकृति और बाकी जीव जंतुओं में अपनी महानता साबित करने के लिए कई कार्य करते हैं। यह हमारा अहंकार ही है जिसके चलते हमें लगता है कि हमारे बिना पृथ्वी का कोई महत्व नहीं... हमारा अहंकार दूसरे मानें तब ही जी सकता है। इसलिए हम सब उपाय करते हैं कि किसी भांति दूसरे हमारी तरफ देखें, ध्यान दें और हमारी उपेक्षा न हो। जैसे हम सुन्दर वस्त्र पहनते हैं, दूसरों को दिखाने के लिये, सजाते-संवारते हैं ताकि दूसरे हमें सुंदर समझें। धन इकट्ठा करते, मकान बनाते, तो दूसरों को दिखाने के लिये। दूसरे देखें और स्वीकार करें कि तुम कुछ विशिष्ट हो, ना की साधारण।

हम मिट्टी से ही बने हैं और फिर मिट्टी में मिल जायेंगे... लेकिन हम अज्ञानता के कारण खुद को खास दिखाना चाहते हैं। हमेशा याद रखना चाहिए कि आत्मा के निकलते ही यह मिट्टी का पुतला फिर मिट्टी बन जाएगा इसलिए अपना झूठा अहंकार छोड़ कर और सभी जीव जंतुओं का सम्मान करें क्योंकि जीवों में परमात्मा का अंश आत्मा है।


ना ठाने मन में अभिमान, ना हो अहम में चूर,
नहीं तो मनुष्य क्या प्रकृति भी हो जाएगी हमसे दूर..!!



हमें बुद्ध बनना चाहिए या बौद्ध?

टिप्पणियाँ

आपके लिए और लेख

हिंदी साहित्य का बदलता स्वरुप

बहनें मायके से कुछ लेने नही बल्कि बहुत कुछ देने आती हैं!

वन विनाश....सोचो मानव.....

रंगोली