देसी वाला I love You!

आज साक्षी शादी के बाद पहली बार घर पर आई थी! घर के सब लोग उसके आगे- पीछे ही घूम रहे थे और बात बात पर उसे छेड़ भी रहे थे। बातों- बातों में साक्षी की छोटी बहन ने उससे पूछा, "दीदी! बताओ तो कि जीजाजी ने आपको I love you बोला या नहीं?" साक्षी कुछ बोलती उससे पहले ही उसकी दादी हँसते हुए बोली, "आजकल के जमाने में यह जो तीन शब्द हैं ना, हमारे समय में तो पूरी कहावत थी!" किसी को कुछ समझ नहीं आया! दादी ने मुस्कुराते हुए एक कहावत बोली,  

चार मिले चौसठ खिले, बीस रहे कर जोड़!

प्रेमी प्रेमी दो मिले, खिल गए सात करोड़!!

किसी को कुछ समझ नहीं आया! साक्षी ने दादी की ओर देख कर कहा, "दादी! हम हारे! आप ही समझा दो!" 

तब एक रहस्यमय मुस्कान के साथ दादी ने समझाया, "देखो! चार मिले, मतलब जब भी कोई मिलता है तो सबसे पहले दोनों के नयन मिलते हैं आपस में, इसलिए कहा चार मिले! फिर कहा चौसठ खिले, यानी बत्तीस बत्तीस दाँत, दोनों के मिलाकर चौसठ हो गए! 'चार मिले चौसठ खिले'... बीस रहे कर जोड़ यानी दोनों हाथों की दस उंगलियां, दोनों व्यक्तियों की 20 हुईं, बीसों मिलकर ही एक दूसरे को प्रणाम की मुद्रा में हाथ बरबस उठ ही जाते हैं! वैसे तो शरीर में रोम की गिनती करना असम्भव है लेकिन मोटा- मोटा साढ़े तीन करोड़ कहते हैं इसलिए आखिर में कहा गया प्रेमी प्रेमी दो मिले, खिल गए सात करोड़!" सबको ध्यान से सुनता देख, दादी ने आगे कहा, "जब कोई ऐसा मिलता है जो अन्तर्हृदय में बस जाये तो रोम- रोम खिलना स्वाभाविक ही है ना भाई! इसलिए कहा खिल गए सात करोड़,यानी रोम रोम खिल जाना स्वाभाविक ही है!"



दो मिनट तक सब बस दादी को देख ही रहे , इतने में साक्षी उठ कर जाने लगी! उसकी छोटी बहन ने पूछा तो बोली, "छोटी! आज तो मैं बोलूंगी तेरे जीजाजी को देसी वाला I love You!"  




सही कहते हैं....हिंदी भाषा का कोई सानी नहीं...एक एक शब्द चाशनी में डूबा हुआ है जिससे हृदय के साथ साथ आत्मा भी भावविभोर हो जाती है!!! 

टिप्पणियाँ

आपके लिए और लेख

हिंदी साहित्य का बदलता स्वरुप

बहनें मायके से कुछ लेने नही बल्कि बहुत कुछ देने आती हैं!

वन विनाश....सोचो मानव.....

रंगोली