किसी से अपनी तुलना न करें — आत्मसम्मान और प्रगति का मूल मंत्र
आज के समय में, जहाँ सोशल मीडिया और प्रतिस्पर्धा हर क्षेत्र में बढ़ती जा रही है, लोग अक्सर अपनी तुलना दूसरों से करने लगते हैं। किसी की सफलता, किसी का रूप, किसी की संपत्ति या जीवनशैली देखकर हम अपने जीवन को कमतर समझने लगते हैं। लेकिन सच यह है कि अपनी तुलना दूसरों से करना न केवल गलत है, बल्कि यह हमारे आत्मविश्वास और मानसिक शांति को भी नुकसान पहुँचाता है। जब हम दूसरों की उपलब्धियों को देखकर उससे अपनी तुलना करते हैं, तो भूल जाते हैं कि हर व्यक्ति अलग होता है। हर किसी की सोच, क्षमता, परिस्थितियाँ और जीवन का उद्देश्य अलग होता है। हमें लगता है कि हम पीछे हैं। यह भावना धीरे-धीरे हमारे आत्मविश्वास को कम कर देती है।
इस संबंध में एक कहानी अत्यंत प्रासंगिक है। जंगल में एक कौआ रहता था और वह अपने जीवन से बिल्कुल संतुष्ट था। लेकिन एक दिन उसे एक हंस दिखाई दिया। हंस को देखकर कौआ सोचने लगा कि यह हंस तो बहुत सफ़ेद है और मैं बहुत काला हूँ। यह हंस अवश्य ही दुनिया का सबसे खुश पक्षी होगा। उसने हंस से अपने विचार व्यक्त किये। हंस ने उत्तर दिया कि क्या तुमको वास्तव में ऐसा लगता है। ऐसा नहीं है, जब तक मैंने एक तोता को नहीं देखा था जिसके दो रंग हैंतब तक मुझे लग रहा था कि मैं सबसे खुश पक्षी हूँ। लेकिन अब मुझे लगता है कि तोता सृष्टि का सबसे खुश पक्षी है। फिर कौआ तोते के पास पहुंचा। तोते ने बताया कि जब तक मैंने मोर को नहीं देखा था तो तब तक मैं बहुत खुशहाल जीवन जी रहा था। मेरे पास तो केवल दो ही रंग हैं, जबकि मोर के पास तो कई सारे रंग हैं। फिर कौआ चिड़ियाघर में एक मोर के पास गया और उसने देखा कि उसे देखने के लिए सैकड़ों लोग इकट्ठा हुए थे। लोगों के जाने के बाद कौआ मोर के पास पहुंचा और कौवे ने मोर से कहा, मोर भाई, तुम बहुत सुंदर हो। प्रतिदिन हजारों लोग आपसे मिलने आते हैं। जब लोग मुझे देखते हैं तो तुरंत मुझे दूर भगा देते हैं। मुझे लगता है कि आप इस ग्रह पर सबसे खुश पक्षी हैं। मोर ने उत्तर दिया कि मैं भी हमेशा सोचता यही सोचता था कि मैं सृष्टि में पर सबसे सुंदर और खुश पक्षी हूं। लेकिन मैं अपनी इस सुंदरता के कारण इस चिड़ियाघर में फंस गया हूं। मैंने चिड़ियाघर का बहुत ध्यान से निरीक्षण किया और मुझे एहसास हुआ कि कौआ ही एकमात्र ऐसा पक्षी है जिसे पिंजरे में नहीं रखा जाता है। इसलिए पिछले कुछ दिनों से मैं सोच रहा हूं कि अगर मैं कौआ होता, तो खुशी से हर जगह घूम सकता।
दूसरों से तुलना करने की आदत हमें कभी संतुष्ट नहीं होने देती। यह हमारे आत्मसम्मान को कम करती है और हमारी प्रगति में बाधा डालती है। इसलिए, अपने जीवन की दिशा खुद तय करें, अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहें।
याद रखें — आप जैसे हैं, वैसे ही अनोखे हैं। आपकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती।
अत्यंत प्रेरक
जवाब देंहटाएं